Zillar Barta Menu
हिन्दी समाचार

छात्र की आत्महत्या के बाद IIT बॉम्बे के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

छात्र की आत्महत्या के बाद IIT बॉम्बे के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय , मुंबई: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की आत्महत्या के मामले को लेकर सोमवार को मुंबई में संस्थान के मुख्य द्वार के बाहर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद IIT बॉम्बे परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। 

साहिल वाकोडे IIT बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के द्वितीय वर्ष के बीटेक छात्र थे। 18 सितंबर को परीक्षा के कुछ घंटों बाद उनका शव हॉस्टल के कमरे में मिला था। संस्थान के अनुसार, परीक्षा के दौरान उनके पास मोबाइल फोन पाया गया था और उन्होंने कथित तौर पर प्रश्नपत्र के जवाब के लिए AI प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया था। हालांकि, संस्थान ने कहा है कि उनकी मृत्यु से पहले उनके खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। 

वहीं, छात्र के परिवार ने संस्थान में कथित उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मामला दर्ज किया है और जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून की धाराएं भी लगाई गई हैं। 

छात्रों की ओर से भी लगातार प्रदर्शन किया गया है। IIT बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बैठक की और छात्रों द्वारा रखे गए 18 सूत्री मांग-पत्र पर सहमति जताई। संस्थान ने इस मामले में अपने शुरुआती बयान को लेकर माफी भी मांगी और कहा कि घटना से जुड़े तथ्य जांच के अधीन हैं। 

इस बीच, IIT बॉम्बे के फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का समर्थन किया है। फोरम के अनुसार, दुल्ला को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारियों से अस्थायी रूप से हटाया गया है, जबकि वे संस्थान के फैकल्टी सदस्य बने हुए हैं। मामले की जांच और छात्र संगठनों की मांगों को लेकर घटनाक्रम जारी है।